पतारा में 92 दिव्यांगों को बांटे गए उपकरण
पतारा (घाटमपुर)। बुधवार को ब्लाक मुख्यालय पतारा में आयोजित समरोह में 92 नि:शक्तजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय विधायक कमलरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नि:शक्त जनों को दिव्यांग का नाम देकर सम्मानित ही नहीं किया है बल्कि, उनके कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। कहा कि नि:शक्तजन अब अपने को कहीं और कभी असहाय न महसूस न करें।
इस मौके पर जिला दिव्यांग जन सशक्तीकरण अधिकारी कमलेश कुमार वर्मा ने बताया कि कुल 92 लोगों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें 67 ट्राईसाइकिलें, 04 ह्वील चेयर, 20 जोड़ी बैसाखी और एक कान की मशीन शामिल है। बीडीओ एसएन सिंह, भाजपा के जिला महामंत्री कमलेश त्रिवेदी और पतारा की ब्लाक प्रमुख मीना संखवार ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला दिव्यांग जन सशक्तीकरण अधिकारी कमलेश कुमार वर्मा ने किया। विधायक ने पांच नि:शक्त जनों को अपने हाथों ट्राईसाइकिलें देकर रवाना किया। भाजपा के पतारा मंडल अध्यक्ष जयवीर पाल, पूर्व जिला मंत्री हरीओम पांडेय, सुरेश त्रिवेदी, उदनरायण सचान, सचिन शुक्ला, वीरेंद्र त्रिवेदी, अजय सिंह, आशू तिवारी और श्री पंडित आदि मौजूद रहे। इसके बाद विधायक ने प्रतापपुर गांव जाकर चौपाल लगाई और गांववालों से बातचीत की।