अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। सिंघाड़ा तोड़ने गए हाईस्कूल के छात्र की रविवार शाम तालाब में डूबकर मौत हो गई। पुलिस के देरी से पहुंचने पर लोगों ने हंगामा किया। सीओ ने पहुंचकर मामला संभाला
शहर कोतवाली क्षेत्र के खंभापुर मोहल्ला निवासी इसराइल का बेटा जामिन अहमद (15) हाईस्कूल का छात्र है। वह सथरियांव इलाके में तालाब में सिंघाड़ा तोड़ने गया था। तालाब में उतरते ही छात्र गहराई में जाने से डूब गया। हादसा देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया।
इलाके के लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोग तालाब में उतरे और उसकी खोज में जुट गए। सूचना पर परिजन पहुंच गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका।
मां रहनुमा और बहन जैनब शव देखकर बेहाल हो गई। तालाब से शव निकाले जाने के बाद पुलिस पहुंची। इलाकाई लोगों ने पुलिस के देरी से आने पर हंगामा किया। सीओ सिटी केडी मिश्रा ने बताया कि परिजनों को शांत किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।