अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ।
नवीन विद्युत उपकेंद्र में लगी वीसीबी के पैनल में छिपकली घुस गई, जिससे तेज धमाका हुआ और इनकमिंग सहित आउटगोइंग वीसीबी पैनल फुंक गए। इस घटना के बाद क्षेत्र के 150 गांवों की बिजली गुल हो गई। यहां तक की 24 घंटे आपूर्ति के आदेश के बाद भी सौ शैय्या अस्पताल में पिछले 20 घंटे से बिजली नहीं पहुंची। इससे मरीज परेशान हो उठे। देर शाम तक बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपकेंद्र में खराब मशीनों को सही करने में जुटे हुए थे।
नगर के पूर्वी बाईपास स्थित नवीन विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार रात नौ बजे के करीब अचानक वीसीबी पैनल में तेज धमाका हुआ। इसके बाद कंट्रोल रूम में धुआं भर गया। मौके पर मौजूद एसएसओ डिंपल सिंह ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। थोड़ी देर बाद अधिशासी अभियंता शंकरलाल अग्निहोत्री, उपखंड अधिकारी रोहित कनौजिया, जेई अंबिकाप्रसाद पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बंद कराकर वीसीबी पैनल खुलवाए तो देखा कि उसमें छिपकली फंसी हुई थी। इसकी वजह से तेज धमाका हुआ। इस दौरान विद्युत उपकेंद्र में पंथरा, दीपकपुर, सौ शैय्या अस्पताल व सब स्टेशन राइस मिल फीडर की आउटगोइंग वीसीबी फुंक गई थी। इस विद्युत उपकेंद्र से लगभग 150 गांव जुड़े हुए हैं। पिछले 20 घंटे से इन गांवों में अंधेरा छाया हुआ है।
वहीं शासन की ओर से सौ शैय्या अस्पताल को 24 घंटे आपूर्ति के आदेश दिए गए हैं। यहां भी रात 9 बजे से बिजली गुल है जिससे डॉक्टर व मरीज परेशान हैं। शुक्रवार सुबह अधिशासी अभियंता के निर्देश पर अवर अभियंता (परीक्षण) आशीष कुमार, कुलदीप कुमार व करन सिंह उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने फुंकी वीसीबी पैनल की मरम्मत की। काफी प्रयास के बाद भी देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। कानपुर से मरम्मत टीम को बुलाया गया है। वहीं, आपूर्ति की जानकारी के लिए ग्राम सराय सुंदर, नगला जैसी, अकबरपुर, मदारपुर, दीपकपुर, नगला दिलू, पंथरा, भोला नगरिया सहित कई गांवों के लोग देर रात तक बिजलीघर में डटे हुए थे।
विद्युत उपकेंद्र में धमाका, 150 गांवों की बिजली गुल
-वीसीबी पैनल में छिपकली घुसने से फुंकी ट्राली
-सौ शैय्या अस्पताल की बिजली गुल, परेशान रहे मरीज