11 लाख से अधिक का बकाया बिल वसूला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बिजली विभाग की ओर से शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग में छह लोग बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं बिल जमा न करने वाले 113 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 11 लाख से अधिक बकाया बिजली बिल की वसूली की गई।
एसडीओ तृतीय गगन अग्निहोत्री व विजिलेंस प्रभारी जुल्फकार अली ने संयुक्त टीम के साथ लाइनपार क्षेत्र के विवेक बिहार कालोनी में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान अरविंद्र कुमार, पुष्पा देवी, मीना देवी, धर्मेंद्र कुमार, लता सिंह व कल्पना देवी सहित छह लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
इन सभी के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं दूसरी ओर शहर क्षेत्र में बकाया बिजली बिल वसूली अभियान के तहत बिल जमा न करने वाले 113 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 11 लाख सात हजार रुपये बकाया बिजली बिल की वसूली की गई। एक्सईएन हनुमान प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए विभाग की ओर से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली चोरी न करने के साथ-साथ समय पर बिजली के बिल का भुगतान करने की अपील की।
लाइनमैन किया गया बर्खास्त
इटावा। 33 व 11 केवी विद्युत उपकेंद्र इंजीनियरिंग कालेज पर संविदा के पद पर तैनात लाइनमैन मिथुन कुमार को उपभोक्ताओं से अवैध धन वसूली के आरोप में तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया गया। एक्सईएन हनुमान प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बीते दिनों सरैया क्षेत्र में भ्रमण के दौरान कुछ जगहों पर कटिया डालकर बिजली चोरी होती पाई गई थी, जिसकी जांच के आदेश दिए गए थे। जांच में पता चला कि लाइनमैन मिथुन की ओर से अवैध तरीके से बिजली चोरी कराकर लोगों से वसूली की जा रही थी। जांच के आधार पर लाइनमैन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया गया। बर्खास्त हुए लाइनमैन की ओर से कहीं भी बिजली विभाग संबंधी कार्य करते हुए पाया गया, तो सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। संवाद