पतारा (कानपुर)। कस्बे के पड़री-लालपुर गांव से अधूरे शौचालयों का निरीक्षण करके वापस लौट रहे संपूर्ण स्वच्छता मिशन के जिला सलाहकार की गाड़ी पर कुछ युवाओं ने पत्थर फेंके। गाड़ी की खिड़की का शीशा टूट गया। पुलिस चौकी पतारा में घटना की शिकायत की गई है।
एसबीएम-4 के जिला सलाहकार विक्रम कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह पड़री-लालपुर में शौचालयों का निरीक्षण करने के बाद गांव पंचायत के मजरा रघुनाथपुर पहुंचे। उनके साथ खंड प्रेरक रोहित, मुकेश और जितेंद्र भी थे। बताया कि कई लोगों ने खाते में पैसा पहुंचने के बाद भी अभीतक शौचालय के निर्माण नहीं करवाए हैं। इनके खिलाफ शौचालय न बनवाने पर विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके बाद वह वापस पतारा लौट रहे थे। तभी गांव के बाहर चार-पांच लड़के, जिनकी उम्र 15 से 20 साल के बीच थी उन्होंने गाड़ी पर पथराव कर दिया। कार की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। जिला सलाहकार ने आशंका जताई कि जिन लोगों ने शौचालय का पैसा खातों में पहुंचने के बाद हजम कर लिया है उन्होंने ही लड़कों को आगे करके गाड़ी पर पथराव कराया है। इसकी शिकायत पुलिस चौकी पतारा में की गई है। देरशाम पुलिस गांव में आरोपियों की तलाश करने में जुटी थी।