घाटमपुर (कानपुर)। गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण के दौरान कस्बा स्थित ब्लाक मुख्यालय सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा का आरोप लगाकर हंगामा किया। आरोप था कि हाल में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं की गई। जिससे तमाम कार्यकर्ताओं को खड़े रहना पड़ा। जबकि, प्रसारण के लिए लगाई टीवी भी कई बार बंद हुई, जिससे वह पूरा प्रसारण नहीं देख पाईं। बीडीओ दिनकर विद्यार्थी ने बताया कि मीटिंग हाल में आंगनबाड़ी की संख्या अधिक होने से कुछ कुर्सियां कम पड़ गईं थीं। लेकिन, उन्होंने हंगामे की बात से इंकार किया। बताया कि तकनीकी खराबी आने से थोड़ी देर के लिए प्रसारण में बाधा पड़ी थी। जिसको तत्काल ठीक करवाया गया था। वहीं, बाल विकास पुष्टाहार अधिकारी (घाटमपुर) आइपी सिंह के फोन पर संपर्क नहीं सका।