शिवराजपुर (कानपुर)। कोहरे के चलते क्षेत्र के ढूकापुर गांव के सामने जीटी रोड पर गुरुवार की सुबह मारुति वैन की ट्रक से आमने समाने टक्कर हो गई। हादसे में वैन ट्रक में जा घुसी। दुघर्टना में वैन चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दो घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया। इधर, ट्रक का चालक मौके से भाग निकला।
बिल्हौर कस्बे के माननिवादा गांव निवासी नीरज पुत्र राम मनोहर और दुर्गेश पुत्र रज्जन, भारत पुत्र देवी चरण गुरुवार की सुबह मारुति वैन से कानपुर जा रहे थे। सुबह कोहरा होने के चलते दुर्गापुर गांव के पास जीटी रोड पर सामने से आ रहे ट्रक से मारुति वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार लोग बुरी तरह फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे घायलों को मारुति वैन से निकालने के लिए कटर का सहारा लेना पड़ा। गंभीर रूप से घायलों को पुलिस ने सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया। जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।