कानपुर देहात। अमर उजाला एवं चंद्रशेखर कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र दलीप नगर में उत्थान स्टार्ट अप निर्माण के तहत कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों को उद्यमिता विकास को लेकर टिप्स दिए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अमर उजाला व सीएसए कृषि विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को दलीप नगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कृषि, सिंचाई, उद्यान, समाज कल्याण, जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य विभाग लोगों को उद्यम स्थापित करने के लिए जानकारी देंगे। कार्यक्रम में बीज उत्पादन, जैविक खेती, जैविक खाद, पापड़ चिप्स बनाने की फैक्ट्री, मुर्गी पालन, सिलाई कढ़ाई, मोमबत्ती तैयार करने आदि विधाओं के बारे में विशेषज्ञ लोगों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में किसान, युवा, महिलाएं सहित अन्य वर्ग के लोग अपना पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लोगों को प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा और उन्हें उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार की योजनाओं के तहत आर्थिक मदद भी दिलाई जाएगी।
उत्थान स्टार्ट अप निर्माण के दूसरे चरण में सीएसए कृषि विश्वविद्यालय में छह से आठ मार्च 2019 को नेशनल कानक्लेव का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश विदेश के कृषि विशेषज्ञ, निवेशक, शिक्षाविद सहित अन्य लोग शामिल होंगे।
बता दें कि उत्थान स्टार्ट अप निर्माण के तहत कार्यक्रम 17 जिलों में एक साथ आयोजित हो रहा है। इनमें प्रमुख रूप से कानपुर देहात, कन्नौज, बांदा, हरदोई, इटावा, औरैया, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, जालौन, चित्रकूट, हाथरस, मैनपुरी, फिरोजाबाद सहित अन्य जिले शामिल हैं।