बिल्हौर(कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा को नशीली टॉफी खिलाकर दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना एक जनवरी को हुई। पीड़िता और परिजनों ने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवकों की तलाश शुरू की। पुलिस ने पीड़िता की एक सहेली को हिरासत में लिया है।
शुक्रवार देरशाम कोतवाली पहुंची पीड़ित छात्रा (15) ने कोतवाली पुलिस को बताया कि एक जनवरी 2019 को वह विद्यालय गई थी। नववर्ष उत्सव में उसकी एक सहेली ने बिस्कुट, चाकलेट के साथ एक टॉफी खिलाई। टॉफी खाते ही चक्कर आने लगे। काफी प्रयास के बाद जब चक्कर आना बंद नहीं हुआ तो सहेली उसे शिक्षकों से अनुमति लेकर गांव के एक घर उपचार के बहाने से ले गई। वहां पहुंचते ही वह गश खाकर गिर गई। वहां मौजूद दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने घर पर आकर आपबीती बताई। कोतवाली इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि छात्रा की सहेली को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।