कोंच। स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा में तहसील कोंच की नदीगांव नगर पंचायत ने पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। मंगलवार को राज्य मुख्यालय लखनऊ में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नगर पालिका अध्यक्ष भानुप्रकाश वर्मा व ईओ बुद्घिप्रकाश को सम्मानित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निकायों में साफ सफाई के लिए स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा चलाई गई थी। साल पूरा होने के बाद राज्य मुख्यालय से आई टीम ने इन वार्डों को जांच परख कर रेटिंग दी।
इसमें नदीगांव नगर पंचायत को जिले में पहला स्थान और प्रदेश में तीसरा स्थान मिला। 23 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर डीएम डॉ. मन्नान अख्तर द्वारा नगर पंचायत को सम्मानित किया गया था जबकि मंगलवार को लखनऊ में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर पंचायत को सम्मानित किया।
अध्यक्ष ने बताया कि वार्ड के विकास के लिए शासन ने पंद्रह लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस मौके पर ईओ बुद्घिप्रकाश, स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष परमाल, सचिव रामस्वरूप आदि भी मौजूद रहे।