झींझक (कानपुर देहात)। मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के कंचौसी आगमन को लेकर अधिकारी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। क्षेत्र में अधिकारियों का दौरा बराबर जारी है। बुधावार को कस्बे में साफ सफाई के साथ ही आसपास के प्राथमिक विद्यालय और स्वास्थ्य विभाग के भवनों में रंगाई पुताई का कार्य जारी रहा।
बता दें कि आगामी 25 सितंबर को कंचौसी कस्बा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सांसद अकबरपुर देवेंद्र सिंह भोले के माता-पिता की प्रतिमा का अनावरण व जनसभा का कार्यक्रम होना है। सीएम के आगमन को लेकर अधिकारियों ने कंचौसी में डेरा जमा लिया है। अधिकारी किसी प्रकार की कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसलिए रातदिन काम चल रहा है। रानेपुर रसूलाबाद ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले दर्शन सिंह महाविद्यालय के पास होने वाली मुख्यमंत्री की जनसभा व हैलीपैड स्थल से पास में पडने वाले प्राथमिक विद्यालय की सफाई व रंग रोगन का काम शुरू हो गया है।
खंडशिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी और ग्राम प्रधान प्रबल प्रताप सिंह कार्यों की देखरेख कर रहे हैं। विद्यालय भवन की दीवारों में पीओपी व पुटटी के साथ ही रंग रोगन किया जा रहा है। सड़कों के मरम्मत करने का कार्य भी जोरों पर है।
कंचौसी पीएचसी में डाक्टर व फार्मासिस्ट वहां रुक कर मरीजों को उपचार दे रहे हैं। अस्पताल भवन में रंग रोगन हो रहा है। प्रभारी डाक्टर सिल्पल कुशवाहा की देखरेख में अस्पताल में साफ-सफाई की जा रही है। सांसद भोले सिंह की माता- पिता के समाधि स्थल की सफाई कराई जा रही है। दर्शन सिंह महाविद्यालय में सांसद की माता-पिता की प्रतिमा लग गई है। बुधवार को कंचौसी पहुंचे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एसी आरके निगम ने सड़क का कार्य देखा और जल्द निर्माण कराने के निर्देश दिए। मंच के लिए बुधवार को कानपुर से सामग्री पहुंच गई है। सांसद के भाई राजेंद्र सिंह राजू ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां चल रही है।