पतारा (कानपुर)। बरनांव मोड़ पर तेज रफ्तार टेंपो के एक ओर पलट जाने से उस पर सवार चार लोग घायल हो गए। दो घायलों को सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया है। हादसा सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ।
मंगलवार की दोपहर एक विक्रम टेंपो पतारा कसबे से सवारी लेकर बरनांव जा रहा था। चतुरीपुर गांव के सामने अचानक एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक ने टेंपो को एक ओर मोड़ा। तभी, वह अनियंत्रित होकर रोड किनारे खड्ड में पलट गया। उस पर सवार बरनांव गांव निवासी शैलेश कुमारी निषाद (30), विभा देवी यादव (28), मोनी देवी गुप्ता (38) और शिवनरायण विश्वकर्मा (52) घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर टेंपो को सीधा किया और उसके भीतर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पतारा लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शैलेश कुमारी और विभा देवी को कानपुर रेफर कर दिया।