फर्रुखाबाद पहुंची सीबीआई, शिक्षा विभाग में खंगाले अभिलेख
बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाण पत्रों से शिक्षक पद पर नौकरी करने का मामला
दो दिनों मेें आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर दी दबिश, खंगाले अभिलेख
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। फर्जी प्रमाण पत्रों से शिक्षक की नौकरी हासिल करने मामले में सीबीआई की टीम ने जिले में डेरा डाल दिया है। जांच टीम के अधिकारियों ने बीएसए कार्यालय समेत कई स्थानों पर पूछताछ की। मामले से संबंधित जरूरी अभिलेख खंगाले। इस दौरान फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले एक युवक के घर पर दबिश भी दी। आरोपी के न मिलने पर टीम लौट गई।
जिले के मोहम्मदाबाद और कायमगंज ब्लाक में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत दो शिक्षकों के खिलाफ करीब चार माह पूर्व फर्जी प्रमाणपत्रों से नौकरी हासिल करने की शिकायत हुई थी। प्रकरण में विभागीय जांच के साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने भी जांच शुरू की है। जांच में प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की पूछताछ में शिक्षकों ने कायमगंज ब्लाक के गांव अताईपुर निवासी एक युवक से फर्जी प्रमाण पत्र हासिल करने की बात स्वीकारी। इस पर मंगलवार रात सीबीआई यहां पहुंची। टीम ने शहर के एक होटल में डेरा डाल दिया। बुधवार सुबह टीम ने बीएसए कार्यालय पहुंची। यहां से कुछ अभिलेख लिए। इसके अलावा एबीएसए कार्यालय व स्कूलों में भी गई। इस दौरान टीम के सदस्यों ने कायमगंज क्षेत्र में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले युवक के घर पर दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक टीम ने आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर दबिश देने के साथ ही कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। मामले के संबंध में जांच टीम के सदस्यों ने कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया है। शाम को टीम लौट गई। मामले में बीएसए अनिल कुमार ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।