कर्जमाफी योजना को पलीता लगा रहे बैंक
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट।
किसानों के कर्ज माफ के योजना को जिला प्रमुख बैंक सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बैंक पलीता लगाने मेे लगे हुए हैं। जिससे इस कार्य में गति न बढ़ने से जिले के आला अधिकारी परेशान हैं। जिले में 49 हजार से अधिक लघु व सीमांत किसानों का ऋण माफ किया जाना है लेकिन अभी तक विभिन्न बैंकों में लगभग चार हजार किसानों की फीडिंग की गई है। कई बैंकों में फीडिंग शून्य पायी गई है। बैंक अधिकारियों की बैठक बुलाने पर भी अधिकारी नहीं पहुंच रहे।
फसल ऋण मोचन योजना बनाकर लघु व सीमांत किसानों का ऋण माफ करने के लिए जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के जरूरी कागजात जमा कराकर जल्द से जल्द फीडिंग करा लें। चेतावनी के बाद भी फीडिंग का कार्य धीमी गति से चल रहा है। जबकि पहला चरण 15 अगस्त को पूरा होने वाला है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि इंटरनेट धीमी गति से चलने से फीडिंग के कार्य में बाधा आ रही है।
बैठक में गायब रहे बैंक के नोडल अधिकारी
चित्रकूट। मुख्य विकास अधिकारी जय प्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार मेें फसली ऋण मोचन योजना के लिए विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा के नोडल अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर अग्रणी जिला प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। समीक्षा में पाया गया कि जिला सहकारी बैंक रैपुरा, शिवरामपुर, पहाड़ी राजापुर में आधार एवं मैंपिंग का कार्य फीडिंग की स्थिति खराब है। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा बरगढ़, बांधी, ऐंचवारा, बरौंर, भरतकूप, छिवलहा, घुरेटनपुर, पहाड़ी, सोनेपुर में मैपिंग एवं आधार फीडिंग 20 प्रतिशत से कम एवं पंजाब नेशनल बैंक कर्वी, भारतीय स्टेट बैंक चित्रकूट, कर्वी, राजापुर,मानिपुर,सोनेपुर व मऊ की आधार फीडिंग शून्य रही। इस पर सीडीओ ने नराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि दो दिन के अंदर शत प्रतिशत फीडिंग कराएं। दिक्कत आने पर एनआईसी., ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के यहां फ सली ऋण मोचन की डाटा फीडिंग करायें। बैठक में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।