उन्नाव के अलग-अलग ब्लाक क्षेत्र में विदेशों से लौटे 11 लोगों की स्वास्थ्य टीम ने जांच की। मौरावां कस्बा के एक मोहल्ला निवासी युवक शुक्रवार को दुबई से लौटा है। परिजनों ने जांच कराने को कहा तो विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को थाने लेकर गई बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। नवाबगंज कस्बे के युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों उसे लखनऊ के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। संक्रामक रोग विभाग की टीम ने घर पहुंचकर परिवार के स्वास्थ्य की जांच की। सभी सामान्य मिले हैं।
दुबई से लौटा युवक जांच की बात पर परिजनों से उलझा, पुलिस ले गई थाने, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
मौरावां कस्बे के एक मोहल्ले में दुबई से लौटे युवक का जांच कराने को लेकर परिवार में विवाद हो गया। इस पर परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजावत मौके पर पहुंचे और उसे लेकर थाने आए। पूछताछ के दौरान ही युवक को खांसी आने के साथ बुखार आने लगा।
इस पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी के डॉक्टर विनोद सोनकर ने उसकी जांच की और जिला अस्पताल को सूचना दी। जिले से आई टीम युवक को लेकर जिला अस्पताल गई और उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। सैंपल जांच के लिए भेजा है।
दुबई से लौटे युवक की तबीयत बिगड़ी, भर्ती
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बा निवासी एक युवक दुबई से पंद्रह दिन पहले लौटा था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लखनऊ नर्सिंगहोम ले गए। स्वास्थ्य परीक्षण में हालत सामान्य मिलने पर तीनों को घर भेज दिया गया। सूचना पर एसीएमओ डॉ. आरएस मिश्रा के नेतृत्व में युवक के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की भी जांच की। उनकी भी हालत सामान्य मिली। वहीं, लखनापुर गांव में दिल्ली से लौटे युवक की तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय स्वास्थ्य टीम ने जांच की।
मुंबई व हरियाणा से लौटे युवकों की हुई जांच, सामान्य
औरास कस्बे में मुंबई व हरियाणा से वापस लौटे तीन युवकों की स्थानीय स्वास्थ्य टीम ने जांच की। तीनों की जांच निगेटिव मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। कस्बा निवासी एक युवक मुंबई में मजदूरी करता है। शनिवार सुबह वह घर लौटा था। मोहल्ले के लोगों ने सतर्कता बरतते हुए उसे सीएचसी जांच के लिए भेजा।
वहीं, एक गांव निवासी दो युवक हरियाणा में रहकर आइस्क्रीम बेचने का काम करते हैं। दोनों घर लौटने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो सीएचसी में जांच कराई गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने तीनों की जांच की। तीनों की स्थिति सामान्य मिली है।
सफीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बा निवासी दो युवक कर्नाटक में रहकर काम करते हैं। 9 मार्च को दोनों घर लौटे थे। मोहल्लेवासियों को दोनों के आने की जानकारी के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची और जांच की। कस्बा का ही तीसरा युवक 3 मार्च को ओमान देश से लौटा है।
वहीं, चौथा एक गांव निवासी युवक दुबई से 4 मार्च को वापस आया था। पांचवा एक गांव निवासी युवक 9 मार्च को ओमान देश से लौटा है। छठा कस्बे का ही युवक 19 मार्च को दुबई से लौटा है। इन सभी की जांच हुई है। सभी सामान्य मिले हैं। सीएचसी प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि फिलहाल सब सही मिला। एहतियात के तौर पर दोनों की निगरानी की जा रही है।