पुखरायां। नगर स्थित आरएसजीयू पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यहां पहुंची 27 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार कर 1076 अभ्यर्थियों का चयन किया। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने चयनित युवाओं को पत्र सौंपे।
मंत्री ने कहा सरकार अधिक-से-अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रयासरत है। युवाओं के सामने कई विकल्प हैं। प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित सभी युवाओं को रोजगार मिल सकता है। साथ ही यदि वह स्वयं का रोजगार करना चाहें तो उसके लिए भी सरकार योजनाएं चला रही है। जिससे वह स्वयं उद्योग लगा कर अपने साथी युवाओं को रोजगार दे सकते हैं।
मेले में रत्नाकर मैजिक, एचएल एग्रो, राकेश मसाला, आरती डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड, फ्रंटियर एलॉय, एनडब्लूएफपी इक्विपमेंटस प्राइवेट लिमिटेड, एस्टल एडहेसिव, कानपुर प्लास्टिक लिमिटेड, सीएचसी एजुकेशन, सुप्रीम, एएस वर्ड ग्रुप, टीवीएस इलेक्ट्राॅनिक्स, द इंडिया थर्मिक कॉरपोरेशन लिमिटेड, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड समेत 27 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 2136 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। जिसमें 1076 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। विद्यालय के प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार सिंह, सेवायोजन कार्यालय वरिष्ठ सहायक राम किशोर सोनकर, कनिष्ठ सहायक पुनीत तिवारी सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी शामिल रहे। संचालन डॉ. पर्वत सिंह ने किया।