कानपुर देहात। जनपद में पांच निकायों के आवासहीन गरीब परिवारों के लिए अच्छी खबर है। कुल 1032 लाभार्थियों को कॉलोनी आवंटित हुई है। इसी त्योहारी सीजन में घर बनाने के लिए एक-एक लाख रुपये की किस्त जारी होने की उम्मीद है।
नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 में ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था है। कॉलोनी के लिए कुल ढाई लाख रुपये तीन किस्त में दिए जाते हैं। इसमें पहली व दूसरी किस्त में एक-एक लाख रुपये और अंतिम किस्त में 50 हजार रुपये की किस्त का भुगतान लाभार्थी को होता है। यह धनराशि लाभार्थी के आधार लिंक बैंक खाते में भेजी जाती है। आवेदन करने के बाद आवासहीन या फिर कच्चे घरों में रहने वाले परिवार कॉलोनी आवंटन की आस लगाए थे।
राजस्व व नगर निकायों की संयुक्त टीम की जांच में पात्र पाए गए परिवारों की डीपीआर बनाकर सूडा भेजी गई थी। वहां से बीते दिनों 1032 परिवारों की कॉलोनी मंजूर हुई है। पांच निकायों के इन परिवारों को पहली किस्त में एक-एक लाख रुपये की किस्त जारी की जानी है। इसके लिए डूडा कार्यालय की तैयारी पूरी है। हालांकि इसके लिए मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने की देरी है। जानकारों का कहना है कि प्रदेश भर में एक साथ कॉलोनी लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम की तिथि आने का इंतजार है। किसी एक जगह से मुख्यमंत्री कॉलोनी लाभार्थियों को किस्त जारी करेंगे।
...............
बयान.....
पांच नगर निकायों में आर्थिक रूप से कमजोर आवासविहीन या फिर कच्चे घरों में रहने वाले परिवारों को कॉलोनी आवंटन हुआ है। लाभार्थियों को पहली किस्त जारी करने के लिए तैयारी कर ली गई है। पूरे प्रदेश में एक साथ कॉलोनी की पहली किस्त देने का शुभारंभ होना है। तय कार्यक्रम में लाभार्थियों को उनके बैंक खाते में धनराशि भेजी जाएगी। - ऊषा सिंह, पीओ डूडा
...............
कहां कितने लाभार्थियों की मंजूर हुई कॉलोनी
नगर निकाय - लाभार्थी
रनियां - 444
राजपुर- 266
अकबरपुर-198
रूरा - 69
शिवली - 55
कुल -1032