सौभाग्य योजना में मिली गड़बड़ी , डीएम ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने पहाड़ी ब्लाक के बछरन के मजरा गोसांईपुर गांव में कराए गए विकास कार्यों की चेकिंग कराई। ग्रामीणों से समस्या पूछकर उनका संबंधित अधिकारियों से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। शौचालय व आवास कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। सौभाग्य योजना में ग्रामीणों ने बताया कि उनके घर मीटर लग गया लेकिन सप्लाई चालू नहीं हुई।
गुुरुवार को मजरे के प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है उनका शत प्रतिशत लाभ उठाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन के जो पात्र लाभार्थी है उनका आवेदन पत्र भरवाएं जाएं। सौभाग्य योजना के अंतर्गत अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जहां पर तार व पोल नही लगाए गए वहां पर तार पोल लगवा कर विद्युतीकरण कर मीटर लगाया जाय। कनेक्शन न होने के बाद भी बिजली बिल आ रहे हैं इनका तत्काल निराकरण कराएं। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम स्वास्थ्य निधि में जिन-जिन ग्रामों में धनराशि पड़ी है उसमें एक सामान वजन मशीन व बच्चों की वजन मशीन की खरीद कराकर आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपलब्ध करायी जाय। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास व शौचालय का निरीक्षण किया। जिसमें आवासों में छपाई व रंगाई-पोताई व दरवाजा न लगने पर खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल इस कार्य को पूरा कराए और शौचालय में जो चौकोर गढ्ढा बनाया गया है उसे मानक के अनुसार बनाया जाय। इस मौके पर जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम रोजगार सेवक के परिजनों को दी मदद
पहाड़ी। गांव में चौपाल लगाने के बाद जिलाधिकारी ने हरि मोहन सिंह इंटर कालेज के प्रागंण में आम के पौधों का रोपण किया। कुछ दिन पूर्व अज्ञात कारण के चलते मृत ग्राम रोजगार सेवक जगन्नाथ पांडेय निवासी जमहिल के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की।