गोदाम में आग से गत्ते राख
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गौशाला रोड पर भीड़भाड़ वाले बाजार में स्थित एक गोदाम में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। भड़की आग में गोदाम में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत के माचिस व बिस्कुट के गत्ते जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब घंटे भर आग पर काबू पाया।
गौशाला रोड पर स्थित निर्भय मार्केट में सतीश पोरवाल के गोदाम में माचिस व बिस्कुट के गत्ते रखे थे। शुक्रवार को गोदाम में आग लग गई। बंद शटर से धुआं बाहर निकला तो बाजार में मजमा लग गया। इस बीच लोगों ने आग बुझाने की कोशिश करने के साथ फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। व्यापारी सतीश पोरवाल के मुताबिक, गोदाम में बिजली नहीं है। इसलिए शार्टसर्किट से आग नहीं लग सकती। आरोप लगाया कि किसी ने जानबूझकर जलती हुई माचिस या बीड़ी डाल दी होगी। इसी से आग लग गई। बताया कि आग से डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया है।