बिल्हौर। कानपुर-फर्रुखाबाद रेलरूट के उत्तरीपुरा रेलवे स्टेशन पर रेल अधिकारियों और कर्मियों की लापरवाही से उबड़-खाबड़ प्लेटफार्म पर गिरने से एक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षत-विक्षत शव की शिनाख्त न होने की दशा में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रविवार रात करीब 11:30 बजे कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही गाड़ी संख्या 55327 क्षेत्र के उत्तरीपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी। विलंब होने के कारण गाड़ी में यात्रियों की भारी भीड़ थी। तभी ट्रेन पर चढ़ने के दौरान करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति प्लेटफार्म नंबर एक की ऊबड़-खाबड़ फर्श से लडख़ड़ाता हुआ गाड़ी के नीचे आ गया। साथ चल रहे लोगों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी ट्रेन के पहियों के नीचे आने से मौत हो गई। ट्रेन बिल्हौर के लिए रवाना हो जाने के कारण स्टेशन उतरे लोगों ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर और रेलकर्मियों को दी। क्षत-विक्षत शव की जमा-तलाशी में कोई पहचान पत्र न मिलने पर रेल कर्मियों ने शव को अज्ञात में पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।