अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। कचहरी परिसर में एक सितंबर से सभी प्रकार के वाहनों की एंट्री पर रोक लग जाएगी। बार एसोसिएशन वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए जगह जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था करवाएगा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि कचहरी में वाहनों की संख्या बढ़ने की वजह से उनके प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
बार एसोसिएशन के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान बार अध्यक्ष सतीश शुक्ला ने कहा कि अधिवक्ताओं के अलावा वादियों व अन्य कर्मचारियों के वाहन कचहरी परिसर में ही खड़े होते हैं। वाहनों की संख्या हजारों में होती है। बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े होने से रास्ता अवरुद्ध हो जाता है और लोगों को पैदल निकलने की भी जगह नहीं मिल पाती। कई बार जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकल सका।
ऐसे में अब बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि 1 सितंबर से कचहरी में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग करा दी जाएगी। जिससे दो व चौपहिया वाहनों को कचहरी परिसर में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय से कचहरी परिसर में वाहन स्टैंड बनवाने की भी मांग की गई है। इसके अलावा जल्द ही कचहरी परिसर से अतिक्रमण भी हटवाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान महामंत्री अमरेश कुमार वर्मा व अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
-बार एसोसिएशन वाहनों को रोकने के लिए कराएगा बैरिकेडिंग