उरई। सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) झांसी मंडल सीमा तिवारी ने झांसी कानपुर सेक्शन की कई ट्रेनों में बुधवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों से जुर्माना वसूला गया।
स्टेशन पर घूम रहे लोगों को हिदायत दी कि पहले टिकट खरीदे, तभी प्लेटफार्म पर आएं। उरई स्टेशन में उन्होंने यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। कमियां मिलने पर फटकार लगाई।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में चेकिंग दल ने झांसी कानपुर सेक्शन की ट्रेन नंबर 51804, 51802, 54161, 14110, 12541 व 12542, 51813 आदि ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया। इन ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले 56 यात्रियों को पकड़कर उनसे 38055 रुपये जुर्माना वसूला।
जनरल टिकट लेकर आरक्षित कोच में सफर करने वाले 155 यात्रियों से 71,840 रुपये, बिना बुकिंग के सामान ले जाने पर 43 यात्रियों से 2100 रुपये जुर्माना वसूला गया। गंदगी फैलाने वाले दस यात्रियों से एक हजार रुपये वसूले गए। कुल 264 यात्रियों से 1,12,995 रुपये की जुर्माना वसूली की गई। इस दौरान डॉ. आरके शाक्य, सोहनलाल, अमित, आशीष, अभिषेक, कामेंद्र, नवीन, ज्ञान, भीष्म आदि मौजूद रहे।
उरई स्टेशन पर एसीएम ने यात्री सुविधाओं की हकीकत जानी। उन्होंने कोच इंडीकेशन की जानकारी ली। इसके बाद बुकिंग, रिजर्वेशन व पूछताछ काउंटर पर पहुंचीं। उन्होंने रिजर्वेशन क्लर्क रामगोपाल से कहा कि रिजर्वेशन के साथ साथ पूछताछ काउंटर पर भी काम किया जाए।
उन्होंने बुकिंग क्लर्क के कैश का भी मिलान किया। इस दौरान एक टीटी नरेंद्र कौशिक की शिकायत मिलने पर उन्होंने कहा कि इस मामले में लिखित शिकायत दें। वह सीनियर अधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई कराएंगी।
ट्रेनों में एसीएम का छापा, बेटिकट यात्री पकड़े
शिकायत मिलने पर टीटी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो