अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने घर में घुसकर एक युवती को तमंचे के बल पर अपहरण कर लिया। परिजनों ने विरोध जताया तो दबंगों ने फायरिंग। युवती की मां ने शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव लक्षीरामपुर्वा निवासी निर्मला देवी पत्नी गिरेंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के रामनरेश व उसके दो पुत्र रजनेश व अनिल चार नवंबर की रात उसके घर में घुस आए। तमंचे के बल पर उसकी बेटी को बोलेरो में डाल दिया।
विरोध करने पर रजनेश और अनिल ने तमंचे से युवती के भाइयों पर फायरिंग की। किसी तरह उन लोगों ने जान बचाई। महिला का कहना है कि रामनेरेश अपने पुत्र रजनेश से उसकी पुत्री की शादी कराना चाहता था। रजनेश पहले से शादीशुदा है। इस पर वे लोग विरोध जता रहे थे। इसके बाद दबंगों ने यह वारदात की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, रजनेश के जसवंतनगर के नगला बाबा निवासी ससुर शिशुपाल सिंह ने बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी रजनेश से की थी। मगर अब रजनीश ने पहली पत्नी के होते हुए भी दूसरी शादी करना चाहता है। शिशुपाल ने रजनेश व उसके भाई व पिता पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।