अमर उजाला ब्यूरो
हसनगंज (उन्नाव)। कृषि अनुसंधान केंद्र में पत्रकारों से मुखातिब पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूरे रौ में दिखे। अखिलेश ने एक साथ कई मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा। कहा कि गोरखपुर में आक्सीजन की कमी से बच्चों की जान चली गई, वहां के डीएम ने अपनी रिपोर्ट में भी आक्सीजन की वजह से मौत होने की बात कही है, लेकिन सरकार मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने ने गोरखपुर मामले की जांच सीबीआई या सुप्रीमकोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग की। इसके अलावा किसानों की कर्ज माफी, औरैया प्रकरण, शिक्षामित्रों के परिजनों को मुआवजा, एंटी भूमाफिया कानून व सूबे की कानून-व्यवस्था पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
औरैया मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की गई है
औरैया में जिला पंचायत चुनाव को लेकर मचे घमासान पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि औरैया में सभी सदस्य सपा के पाले में हैं। इसी कारण भाजपा चुनाव नहीं चाहती है। यही वजह है कि भाजपा नामांकन नहीं होने दे रही है। जबरदस्ती सीट पर कब्जा करना चाहती है। पार्टी के पूर्व सांसद के मौके पर न होने के बाद उस पर कार्रवाई करते हुए लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया। यही नहीं परिजनों तक को पुलिस उठा ले गई। चुनाव के समय पीएम द्वारा सपा के लोग थाने चलाने के बयान पर सपा मुखिया ने उनसे सवाल पूछा कि अब थाने कौन चला रहे हैं। कहा कि औरैया मामले की शिकायत चुनाव आयोग के साथ ही मुख्य सचिव व डीजीपी से कर दी गई है।
केंद्र के नया भारत स्लोगन पर कसे तंज
सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर हादसे के मृतकों के परिजनों को मुआवजा न देने पर भी सवाल उठाए। कहा कि सरकार ने आज तक परिजनों को मुआवजा के नाम पर एक धेला भी नहीं दिया। कहा कि प्रदर्शन के दौरान मृतक शिक्षामित्रों के परिजनों के लिए उन्होंने 20 लाख मुआवजा देने की मांग की, लेकिन सरकार ने एक फूटी कौड़ी नहीं दी। कहा कि हम पर भेदभाव का आरोप लगाने वाली यह सरकार पत्थर दिल है। उन्होंने केंद्र सरकार के नया भारत बनाने की घोषणा पर भी तंज कसे। कहा कहा कि जहां आक्सीजन खत्म होने से बच्चे मर रहे हैं, हजारों की संख्या में नौजवान बेरोजगार हैं, क्या यही नया भारत है।
प्रदेश सरकार के बजट पर उठाए सवाल
गोरखपुर घटना में स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दिन मरना है, यह सभी को मालूम है। तो क्या अगस्त में सभी मर जाएं। कहा कि 325 वाली सरकार जनता के हितों को नहीं समझ सकती है। उनके द्वारा पेश किए गए बजट से सूबे में कोई खुशहाली नहीं आएगी।
तीन गांवों के लोगों ने कर्ज माफी का लाभ मिलने से किया इंकार
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि जिस जगह पर उन्हें गिरफ्तार किया गया, वहां मौजूद तीन गांवों के ग्रामीणों से जब कर्ज माफी का लाभ मिलने के बारे में पूछा तो सभी ने ना में सिर हिलाया। कहा कि सरकार ने चुनाव जीतने के बाद लघु सीमांत की व्यवस्था लागू करके जनता को धोखा दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनता सबका हिसाब लेगी। सरकार के एंटी भूमाफिया कानून लागू किए जाने पर पूर्व सीएम ने कहा कि योगी सरकार इस योजना के जरिए आम लोगों का शोषण कर रही है। जबकि जो भूमाफिया है उसे छोड़ा जा रहा है। भूमाफिया कौन है, हर आदमी जानता है लेकिन सरकार को वह नहीं दिख रहा है।
कानून व्यवस्था में फेल हुई योगी सरकार
पूर्व सीएम ने कानून व्यवस्था पर सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस सरकार में बलात्कार, चोरी, डकैती व लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। इन पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह से फेल है। कहा कि जनता इनको सबक सिखाएगी।
गोरखपुर हादसे की सीबीआई जांच हो
पूर्व सीएम ने गोरखपुर में आक्सीजन टेंडर में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
किसानों की कर्ज माफी, कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा