अमर उजाला ब्यूरो
झींझक (कानपुर देहात)। नगरीय झील तालाब पोखर संरक्षण योजना के तहत कस्बा स्थित मघई तालाब के सुंदरीकरण के लिए झींझक नगर पालिका द्वारा शासन को भेजे गए 1 करोड़ चालीस लाख रुपये का प्रस्ताव पास हो गया है। शासन से प्रस्ताव की पहली किस्त स्वीकृत होने पर मघई तालाब के सुंदरीकरण का कार्य शुरू हो गया है।
झींझक कस्बा के वार्ड नंबर एक गांधी नगर मोहल्ला स्थित मघई तालाब को सुंदरीकरण के लिए चुना गया है। नगरीय झील तालाब पोखर संरक्षण योजना के तहत गाटा संख्या 545 ए /547 ए में करीब ढाई बीघा तालाब के सुंदरीकरण के लिए नगर पालिका ने पूर्व में एक करोड़ 40 लाख रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजी थी। इसकी 25 लाख रुपये की पहली किश्त स्वीकृत होने पर तालाब के सुंदरीकरण का कार्य शुरू हो गया है।
मघई तालाब में बाउंड्रीवाल, फुटपाथ, बैठने की उचित व्यवस्था, फुलवारी, लाइट की व्यवस्था आदि का कार्य किया जाएगा। तालाब की देखभाल के लिए दो गार्ड भी तैनात रहेेंगे।
शहर की तर्ज पर तालाब का आधुनिक सुंदरीकरण किया जाएगा। तालाब में पानी भरने व निकासी की उचित व्यवस्था होगी। झींझक नगर पालिका अध्यक्ष राज कुमार यादव ने बताया कि नगरीय झील तालाब पोखर संरक्षण योजना के तहत मघई तालाब के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। इसमें लाइट, टहलने के लिए फुटपाथ, बाउंड्रीवाल,फव्वारों के अलावा आधुनिक उपकरणों से सुंदरीकरण होगा। वहीं ईओ झींझक मुकेश कुमार ने बताया कि मघई तालाब के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है।
- शासन से 25 लाख की पहली किश्त मंजूर
- नगर पालिका ने भेजा था एक करोड़ 40 लाख रुपये का प्रस्ताव