कानपुर के इस्पात उद्यमी हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर में सौ करोड़ रुपये की लागत से ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना करने जा रहे हैं। शासन की नई गाइड लाइन के मुताबिक प्रस्ताव तैयार है। जल्द ही इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है। प्लांट की स्थापना से कानपुर समेत आसपास के दर्जन भर जिलों में ऑक्सीजन का संकट खत्म हो जाएगा। जब ऑक्सीजन की किल्लत थी तो इसी इस्पात उद्यमी ने एक रुपये में ऑक्सीजन सिलिंडर भरकर लोगों की मदद की थी।
अभी कानपुर में सिर्फ चार प्लांट हैं, जिनकी क्षमता बहुत कम है। कोरोना संकट के समय में ये प्लांट जरूरत के मुताबिक आपूर्ति नहीं कर सके थे। उद्यमी योगेश अग्रवाल की भरुआ सुमेरपुर में इस्पात इकाई है। इसके संचालन के लिए ही इन्होंने एक छोटा ऑक्सीजन प्लांट लगाया था।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीनज की किल्लत हुई तो फैक्टरी का उत्पादन ठप कर औद्योगिक ऑक्सीजन की आपूर्ति अस्पतालों में शुरू कर दी। पहले रोजाना 1000 सिलिंडर ही भर पाते थे। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के प्रयासों से बाद में इनके प्लांट की क्षमता तीन से चार हजार सिलिंडर प्रतिदिन हो गई है। संकट की घड़ी में योगेश अग्रवाल ऑक्सीजन से भरा सिलिंडर मात्र एक रुपये में देते रहे।