झींझक। गर्मी में बिजली की मांग अधिक होने पर लोड बढ़ने का असर पॉवर ट्रांसफार्मर पर भी पड़ रहा है। नगर के पुराने विद्युत उपकेंद्र में लगे 10 एमवी पॉवर ट्रांसफार्मर में शुक्रवार शाम असामान्य आवाज आने लगी। इस पर इसे बंद किया गया। अब दूसरे 10 एमवी पॉवर ट्रांसफार्मर से वैकल्पिक तौर पर नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जा रही है।
झींझक के पुराने विद्युत उपकेंद्र की क्षमता 20 एमवी है। यहां 10-10 एमवी के दो पॉवर ट्रांसफार्मर लगे हैं। नगर के 10 हजार और ग्रामीण क्षेत्र के करीब सात हजार कनेक्शन हैं। एक पॉवर ट्रांसफार्मर की शुक्रवार शाम करीब पांच बजे आवाज बदल गई। इस पर इसे बंद कर दिया गया। वैकल्पिक तौर पर अब दूसरे पॉवर ट्रांसफार्मर से झींझक नगर के साथ ही खमहैला, रामपुर, करियाझाला, पिपरी, पिलख, जुरिया, जलिहापुर, नासरसेड़ा, नहिली, कमलाबाग समेत करीब सौ गांवों में बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
शनिवार को सहायक अभियंता परीक्षण विकास श्रीवास्तव ने टीम के साथ झींझक पहुंच पॉवर ट्रांसफार्मर की जांच की। सहायक अभियंता परीक्षण ने बताया कि एहतियातन जांच कर ली गई है। एसडीओ वितरण झींझक लव कुमार वर्मा ने बताया कि फिलहाल एक ही ट्रांसफार्मर से नगर और ग्रामीण फीडरों की बिजली आपूर्ति हो रही है। करीब 450 एंपियर लोड है। बंद पॉवर ट्रांसफार्मर बिना लोड चलाकर देखा जा रहा है। परीक्षण खंड के अभियंता की टीम की रिपोर्ट व एक्सईएन की अनुमति पर सोमवार को पॉवर ट्रांसफार्मर पर लोड रखा जाएगा।
................
10 ट्रांसफार्मरों की हुई क्षमता वृद्धि
झींझक। नगर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या दूर करने को 10 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। इसमें सैनिक पेट्रोल पंप के पास, नवल की आढ़त के पास, आदेश चक्की के पास, गढ़ी मोड़, रूरा रोड, ओम ट्रांसपोर्ट समेत आठ स्थानों पर लगे 100 केवी ट्रांसफार्मरों की जगह 250 केवी ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। नहर पुल और रहूनिया रोड पर 160 केवी ट्रांसफार्मर की जगह 250 केवी ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। एसडीओ लव कुमार वर्मा ने बताया कि नगर के कुछ मोहल्लों में अधिक लोड के कारण लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या हो रही थी। इसको लेकर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। (संवाद)