कानपुर के छह सेंटर से आठ सॉल्वर दबोचे गए
पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन सोमवार को कानपुर के छह सेंटर से आठ सॉल्वर दबोचे गए। सेंटर के बाहर से एक अभ्यर्थी को भी पकड़ा गया। पकड़े गए ज्यादातर सॉल्वर बिहार के हैं। दो आरोपी 12वीं और बीएससी के छात्र भी हैं। रविवार को हुई परीक्षा में भी एक सॉल्वर को दबोचा गया था।
पी-रोड स्थित हर सहाय जगदंबा इंटर कॉलेज में गढ़नगलिया आगरा के अभ्यर्थी अजय कुमार की जगह परीक्षा देते मुंगेर बिहार निवासी सुधांशु को पकड़ा गया। बिहार का ही मास्टर माइंड चिंटू चौधरी और अभ्यर्थी फरार हो गया।
बिधनू थाना क्षेत्र के गंगापुर कॉलोनी स्थित बाबू सिंह इंटर कॉलेज में नगला गुलाल, फिरोजाबाद निवासी फुफेरे भाई सुनील कुमार की जगह परीक्षा दे रहे लखनपुर केसरी मुरादाबाद के सनी यादव को दबोचा गया।
कानपुर के इन सेंटर से सॉल्वर दबोचे गए
किदवई नगर स्थित बृहस्पति महिला महाविद्यालय से भी नगला गुलाल, फिरोजाबाद निवासी फुफेरे भाई विमल कुमार की जगह परीक्षा देते नगला गोकुल चंदवार, फिरोजाबाद निवासी 12वीं के छात्र को पकड़ा गया। इसी सेंटर में अलअदादपुर, फिरोजाबाद निवासी सुमित कुमार की जगह परीक्षा देते नावली एटा के बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र अंशुल कुमार को पकड़ा गया।
विजय नगर स्थित सरस्वती महिला महाविद्यालय में जसराना, फिरोजाबाद के नितुल कुमार की जगह परीक्षा दे रहे जहानाबाद, बिहार निवासी पंकज कुमार को दबोचा गया। सरगना कानपुर निवासी नीरज फरार हो गया।
जाजमऊ स्थित मनोहर लाल महाविद्यालय में ग्राम उलाउ, टूंडला के हरेंद्र की जगह कैमूर, बिहार निवासी विशाल और बिंदकी, फतेहपुर के कृष्ण प्रताप की जगह परीक्षा देते कंकरबाग बिहार निवासी पुरुषोत्तम कुमार को पकड़ा गया।
कानपुर के इन सेंटर से सॉल्वर दबोचे गए
इसी तरह सतबरी रोड, चकेरी स्थित राधिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में इब्राहिमपुर करारी, कौशांबी निवासी रंजीत सिंह के स्थान पर सज्जनपुरा, बिहार निवासी सुमित कुमार कामता को पकड़ा गया है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सेंटर के बाहर मौजूद रंजीत सिंह को भी धर दबोचा। परीक्षा के नोडल अफसर एसपी ट्रैफिक सुशील कुमार का कहना है कि बायोमैट्रिक मिलान के दौरान इन सॉल्वरों को दबोचा गया है। इसके अलावा प्रवेश पत्र मेें अभ्यर्थी की जगह सॉल्वरों की फोटो पाई गई। सॉल्वरों और अभ्यर्थियों के खिलाफ प्रधानाचार्यों की तहरीर पर संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज की गई है।