जनपद में बैठकर देश के अलग-अलग हिस्से में रहने वाले लोगों से सेक्सटार्शन व साइबर ठगी करने वाले 10 शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से साइबर ठगी व सेक्सटार्शन में प्रयोग किए गए मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद किए हैं। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि लगातार जनपद में साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे थे।
साइबर ठगों को पकड़ने के लिए 12 टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक कुल 10 साइबर ठग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें से अकबरपुर थाना क्षेत्र के ज्योतिष निवासी सूरज, राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सात मोबाइल, पांच सिम कार्ड, 1500 रुपये बरामद किए गए। गजनेर थाना क्षेत्र में कैलाश नगर निवासी शिवम, विजय नगर निवासी रजनीश सिंह, गोरे, चंद्रनगर निवासी हरिओम, फत्तेपुर रोशनाई निवासी राहुल सिंह को पड़का गया। इनके पास से 11 मोबाइल, पांच सिम कार्ड, 9200 रुपये बरामद किए। वहीं, रनियां थाना क्षेत्र के आर्यनगर प्रथम निवासी अंकित चौहान, सर्वेश, जय सिंह उर्फ चुम्मी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से पांच मोबाइल 3700 रुपये व एक बाइक बरामद की गई है।