स्टेट बैंक प्रबंध की कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम के विरोध में यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल रही। हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। इलाहाबाद, पीएनबी समेत तमाम बैंकों पर ताले पड़े रहे।
हड़ताल के कारण 1100 करोड़ का लेन-देन प्रभावित रहा। 350 करोड़ रुपये की क्लीयरिंग ठप रही। बैंक कर्मचारियों ने जगह-जगह धरने दिए और सभा भी की।
पंजाब नेशनल बैंक बिरहाना रोड हुई सभा में यूनियन के मंत्री सुधीर सोनकर ने कहा कि भारतीय बैंक संघ के 10वें वेतन समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद स्टेट बैंक प्रबंधन इनका खुला उल्लंघन कर रहा है। प्रबंधन बैंकों में एक तरफा कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम को थोपना चाहती है। ये स्कीम बैंक कर्मचारी और अफ सर विरोधी है।
इस स्कीम को यदि लागू किया गया तो कार्य का एक घंटा और बढ़ जाएगा। बैंक सातों दिन खोला जाएगा। लिपिक का पासिंग पावर अधिकारी के समान कर दिया जाएगा। प्रत्येक तीन वर्षों में अर्ध शहरी और ग्रामीण अंचलों में ट्रांसफर किया जाएगा।
सिंगल विंडो आपरेटर का पद नाम बदलकर जूनियर असिसटेंट कर दिया जाए और उसे टारगेट देकर मार्केटिंग कराई जाएगी। स्टेट बैंक सहयोगी बैंकों में इस स्कीम को लागूू करके अन्य बैंकों में इसे लागू करना चाहती है। जिसका विरोध किया जा रहा है। यूनियन के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि द्विपक्षीय समझौतों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सेवा शर्तों को थोपा गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इस दौरान जोरदार नारेबाजी भी की गई। यहां पर अशोक शुक्ला, संजय त्रिवेदी, बीके मिश्रा, अनुराग शुक्ला, एसके मिश्रा, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
अवकाश प्राप्त बैंक कर्मियों का समर्थन
पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया गया। ये जानकारी एसोसिएशन के संयोजक अशोक दीक्षित ने दी।
बताया कि स्टेट बैंक अपने सहयोगी बैंक के कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है। सहयोगी बैंकों को स्टेट बैंक में विलय करने की साजिश की जा रही है। जिसका विरोध किया जाएगा। बैठक में बीके वर्मा, केके तिवारी, राजीव धवन, एमके पांडेय, अरुण अवस्थी, रामनाथ, जेवी श्रीवास्तव, दिनेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
हड़ताल का किया समर्थन
केंद्रीय ट्रेड यूनियंस व औद्योगिक फेडरेशनों के साझा मंच कानपुर ने बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। मंच के सहसंयोजक असित कुमार सिंह ने कहा कि ये बैंकों और प्रबंधन के बीच हुए समझौते का उल्लंघन है।
एलआईसी स्टाफ डिवीजन एसोसिएशन हाल माल रोड में हुई बैठक में अरविंद कुमार, पीएस बाजपेई, उमेश शुक्ला, आरसी कनौजिया, हरी सिंह, रामआसरे आदि मौजूद रहे।
इन बैंकों में रही हड़ताल
पंजाब नेशनल बैंक, आंध्रा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, कारपोरेशन बैंक, सेंट्रल बैंक, देना बैंक, इंडियन बैंक, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, पंजाब एंड सिंध बैंक, स्टेटबैंक ऑफ हैदराबाद, यूको बैंक, यूनाइटेड बैंक, विजया बैंक, सिंडीकेट बैंक की तमाम शाखाएं बंद रहीं।