विशुनगढ़। कस्बे में जीप अड्डा स्थित दुर्गा मंदिर पुलिया से टंकी तक 100 मीटर की सड़क में 100 गड्ढे हैं। वाल्मीकि बस्ती के लोग कई बार इसकी शिकायत कर चुके हैं पर सुनवाई नहीं हो रही है।
वाल्मीकि बस्ती निवासी राहुल, संजय, दीपक ने बताया कि इंटरलॉक सड़क का निर्माण आठ वर्ष पहले तत्कालीन जिला पंचायत सदस्य सुषमा देवी ने कराया था। इसके बाद किसी भी जनप्रतिनिधि ने बस्ती की ओर ध्यान नहीं दिया। विजय वाल्मीकि ने बताया कि एक वर्ष पहले जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संदीप यादव ने नाले का निर्माण करवाया था, जो सड़क से ऊंचा बनवा दिया था। इसी कारण पानी नाले में न जाकर सड़क पर भरा रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढों में जलभराव व कीचड़ होने के कारण घर से निकलना दुश्वार है।
राहगीर जलभराव में गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। स्कूली बच्चों को भी इस सड़क से निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बस्ती के लोग गंभीर बीमारियों का सामना कर रहे हैं। बस्ती के लोगों ने छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय से सड़क को बनवाए जाने तथा कीचड़ व जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।
फोटो :11: बारिश के बाद धंसी नादेमऊ से करसा रामपुर जाने वाली सड़क। संवाद
बारिश में धंसी सड़क, राहगीर परेशान
हसेरन। नादेमऊ से करसा रामपुर जाने वाली सड़क लगातार बारिश के कारण धंस गई है। इस सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। कस्बे नादेमऊ के तालग्राम रोड पर रामपुर के पास बारिश के चलते सड़क धंस गई है। इस वजह से बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई लोग इस टूटी सड़क पर गिरकर चुटहिल भी हो चुके हैं। कई बार कस्बे के लोगों ने सड़क बनवाने की मांग की पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। गांव के लोगों का कहना है सड़क में बड़े गड्ढे होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कस्बे के लाखन सिंह चौहान, अरुण प्रताप सिंह, बृजेश सिंह, हिमांशु सिंह, मनोज सिंह, सुनील सिंह ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।