विशुनगढ़। किसी बात से क्षुब्ध होकर युवक ने कमरे में फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसके शव को फांसी के फंदे पर झूलता हुआ देखा तो कोहराम मच गया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को क्षेत्र के ग्राम कुड़रा निवासी अमन कुमार उर्फ अजब सिंह (30) पुत्र हाकिम सिंह ने सुबह नौ बजे के करीब पुराने मकान में जाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद मकान की तरफ गए परिजनों ने जब उसके शव को देखा तो कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसके शव को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। उसके शव पर पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता हाकिम सिंह ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अमन की शादी आठ साल पहले पूजा के साथ हुई थी, उसको एक बेटी व एक बेटा है। मौत के संबंध में कोई भी कुछ भी नहीं बता पा रहा था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।