तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर फैले मक्का पर फिसलने से दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरे को कानपुर रेफर कर दिया गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। इससे सिर में गंभीर गंभीर चोटें आई थीं।
मैनपुरी जिले के थाना किशनी के गांव जटपुरा निवासी जाहर सिंह (27) तालग्राम की तरफ से बाइक से सौरिख की ओर जा रहे थे। थाना तालग्राम के बमरौली गांव निवासी रोशन पाठक (22) सौरिख से घर लौट रहे थे। मुसाफिरपुर के पास एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मक्का सूख रहा था। दोनों बाइक मक्का की वजह से अनियंत्रित होकर एक दूसरे से भिड़ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपी 112 डायल के आदेश दुबे और विशाल दुबे ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने जाहर सिंह को मृत घोषित कर दिया। रोशन की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है।