संवाद न्यूज एजेंसी
खड़िनी। साथियों के साथ नहर में नहाने गया युवक डूब गया। युवक के डूबने के बाद साथियों ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। अब गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
क्षेत्र के ग्राम नगरिया तालपार निवासी कृष्णकांत उर्फ टिल्लू (17) गुरुवार को घर में बिना बताए साथियों के साथ कंसुआ नहर के पुल पर नहाने के लिए गया था। कुछ देर बाद साथियों ने युवक के घर जाकर सूचना दी कि वह नहर में डूब गया है। जिस पर परिजन कंसुआ पुल पर पहुंच गए। सूचना पाकर नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार, लेखपाल अश्वनी कुमार के अलावा खड़िनी, चपुन्ना व हसेरन के चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। क्षेत्रीय गोताखोर ग्राम सकतपुर निवासी राजकुमार को नहर में उतारा गया लेकिन टिल्लू की तलाश नहीं हो पाई। इस बीच नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार भी क्षेत्रीय लेखपाल के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में तिर्वा से फायर ब्रिगेड के गोताखोरों को भी बुला युवक की तलाश शुरू करा दी गई थी।
पिकनिक स्पॉट बनी कंसुआ नहर कोठी
गर्मी के दिनों में कंसुआ नहर कोठी आसपास के युवाओं के लिए पिकनिक स्पॉट बन जाती है। प्रतिदिन कई युवक व युवतियां यहां पहुंचकर निचली गंग नहर व कंसुआ नहर पुल व नहर कोठी के बीच से निकले सकतपुर बंबा में नहाने के लिए आते हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस कई बार इन युवकों को यहां से दौड़ा चुकी है। पुलिस के मुंह मोड़ते ही यहां युवकों की भीड़ लग जाती है।