ठठिया थाना क्षेत्र के गांव रूरा में 11 दिन पहले युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने रविवार को किया। पुलिस की मानें तो अवैध संबंधों के कारण गांव के ही पांच लोगों ने गला दबाकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी फरार हैं। एसपी ने केस का खुलासा करने वाली टीम को एक हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
हत्या के खुलासे के लिए एसपी ने ठठिया पुलिस व स्वाट टीम को संयुक्त रूप से लगाया था। स्वाट टीम प्रभारी दिनेश यादव व थानाध्यक्ष संतोष व्यास ने मिलकर घटना के खुलासे के लिए जांच पड़ताल की। रविवार को घटना का खुलासा करते हुए एसओ ने बताया कि आलम पुत्र मोहम्मद खान निवासी खानपुर जनपद औरैया लंबे समय से ठठिया थाने के गांव रूरा में अपने बहनोई के घर पर रहता था।
इसी दौरान उसके संबंध गांव की एक महिला के साथ हो गए। महिला का पति मुंबई में एक बेकरी में काम करता था। बीते दिनों वह गांव आया तो उसे आलम व अपनी पत्नी के बीच अवैध संबंधों की जानकारी हुई। इस पर नजरे आलम पुत्र फैय्याज, असलम पुत्र करार खां, बिजली उर्फ बजूल कमर पुत्र अख्तर खां, नूरूल जमा उर्फ कट्टू पुत्र नत्थू खां, राजू उर्फ मो. रियाज पुत्र नूरूल जमां ने मिलकर आलम की हत्या की योजना बनाई।
घटना वाले दिन 19 अगस्त को उक्त लोगों ने बहाने से आलम को बुलाया और गला दबाकर उसे मार डाला। इसके बाद रात होने पर उसके शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया। 20 अगस्त को मृतक आलम के बहनोई कलीम खां पुत्र बाबू खां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष पुलिस ने इस मामले में नजरे आलम, असलम व नूरूल जमा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके पास से तलाशी के दौरान तमंचा व 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ है।