तालग्राम। दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। दूसरा बाइक चालक भागने में सफल रहा। युवक हेलमेट लगाए था पर टक्कर के बाद हेलमेट दूर जा गिरा। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक बुआ को बस में बिठाने के लिए कस्बे में आया था।
थाना सौरिख क्षेत्र के किसई जगदीशपुर के मजरा सोने नगला निवासी अखिलेश यादव (21) सेतु निगम से सेवानिवृत्त पिता जयसिंह यादव और भाइयों के साथ खेती के साथ नौकरी की तैयारी कर रहा था। फर्रुखाबाद फतेहगढ़ निवासी बुआ कुसुमा देवी को बस में बिठाने के लिए तालग्राम आया था। बुआ चचेरी बहन रचना की मौत के बाद शांतिपाठ में शामिल होने आई थीं। दोपहर में दो बजे बुआ को बस में बैठाकर घर लौट रहा था, तभी तालग्राम-सौरिख मार्ग पर उमरापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा चालक बाइक समेत मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां डाक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह चार भाई अजय, अमित, गोलू में तीसरे नंबर का था। दो बहनें मालती और जयंती है । मां गुड्डी बेटे की मौत पर रो-रोकर बेसुध हो गईं। चौकी प्रभारी कस्बा दिनेश चंद्र यादव का कहना है कि अस्पताल की सूचना के आधार पर उप निरीक्षक शिवकिशोर ने पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम को भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। दूसरे बाइक सवार की तलाश की जा रही है।