शाम होते ही वीवीआईपी जिले में रोडवेज बस स्टाप पर
बसों का टोटा हो जाता है। घंटों इंतजार करने के बाद बसें मिल पाती हैं। इस
कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रभारी एआरएम
गुरुगोरख प्रसाद ने बताया कि बसों का संचालन जल्द ही सुचारु रूप से कराकर
जनता को समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा।
जीटी रोड किनारे सरायमीरा में
स्थित कन्नौज रोडवेज बस स्टाप पर रोज लगभग आधा सैकड़ा बसों का आगमन होता
है, पर शाम के समय कानपुर की तरफ जाने वाली बसों की संख्या कम हो जाती है।
इस कारण कानपुर, बिल्हौर, शिवराजपुर, चौबेपुर आदि कस्बों में जाने वाले
वाहनों को मजबूरी में डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
मनोज कुमार,
श्यामलाल, कृष्ण कुमार ने बताया कि शाम के वक्त कई दिनों से बसें न मिलने
की समस्या आ रही है। कानपुर-कासगंज रूट पर ट्रेन की सुविधा भी पर्याप्त
मात्रा में न होने के कारण घंटों बसों का इंतजार करना पड़ता है। बसों
की कमी का फायदा डग्गामार वाहन चालक उठा रहे हैं।
कई बार समस्या से रोडवेज
के अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, पर कोई समाधान नहीं हो रहा है। उधर,
एआरएम का कहना है कि कन्नौज डिपो की कुल 32 बसें हैं। इसमें से छह बसें
चुनाव में आए सुरक्षा कर्मियों को छोड़ने गई हैं। जल्द ही वे बसें वापस आ
जाएंगी। इसके बाद शाम के वक्त बसों का संचालन सुचारु रूप से कराकर
यात्रियों को आवागमन की समस्या से राहत दिलाई जाएगी।