दिल्ली सरकार के सचिवालय पर सीबीआई के छापे के विरोध
में आम-आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंककर
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
आम आदमी पार्टी के
जिला संगठन संयोजक प्रवीण पाठक के नेतृत्व में आप के पदाधिकारी तहसील परिसर
में एकत्र हुए। पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए
पुतला फूंककर गुस्से का इजहार किया। प्रवीण पाठक ने कहा कि जो लोग आज
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पद की गरिमा का ध्यान रखने की
नसीहत दे रहे हैं, जब शशि थरूर की पत्नी को 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड कहा गया
था, तब पद की गरिमा कहां थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के सचिवालय पर
मुख्यमंत्री को सूचना दिए बिना सचिव राजेंद्र के बहाने सीबीआई ने केंद्र
सरकार के इशारे पर छापा डाला था। जिसकी कड़े शब्दों में निंदा की गई। पदाधिकारियों
ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार शिवनारायन पांडेय को सौंपा।
जिसमें कहा गया कि उक्त घटना की उच्च स्तरीय तथा निष्पक्ष जांच कराते हुए
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और केंद्र सरकार द्वारा बार-बार किसी न
किसी माध्यम से की जाने वाली वैमनस्यतापूर्ण कार्रवाई पर पूरी तरह अंकुश
लगाया जाए। ज्ञापन में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार शाक्य,
योगेंद्र शर्मा, पंकज मिश्रा एडवोकेट, कृष्णातीर्थ मिश्रा एडवोकेट, आकाश
गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता आदि पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।