कन्नौज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर ढाई बजे बोर्डिंग ग्राउंड में जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आज भी ग्राउंड पर तैयारियां चलती रहीं। एसपी, एएसपी और एसडीएम ने सुरक्षा और मंच से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा।
ग्राउंड में बने मंच के आसपास बैरीकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके साथ ही एक वीवीआईपी सुरक्षा गेट भी प्रशासन ने तैयार करवाया है। एसपी हरीश चंदर ने बताया कि जनसभा स्थल को करीब 15 ब्लाकों में बांटा गया है। संबंधित सुरक्षा अधिकारियाें को इसकी जिम्मेदारी दे दी गई है। जनसभा के दौरान जिले की सभी सीमाएं बंद रखी जाएंगी। 10 मजिस्ट्रेट और चार एएसपी रैंक के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
आठ सीओ की तैनाती भी रहेगी। बाहरी जनपदों से भी फोर्स को बुलाया गया है। इसमें 30 ट्रैफिक पुलिस के सिपाही, 50 फायर बिग्रेड कर्मी, 450 सिपाही पुरुष, 50 दरोगा व 50 महिला सिपाही के साथ आठ महिला दरोगा तैनात रहेंगी। इसके अलावा लखनऊ की चार पीएसी कंपनी की तैनाती भी रहेगी। खुफिया विभाग को भी लगाया गया है। जो भी लोग सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं, वह अपने साथ माचिस, सिगरेट, बीड़ी व किसी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ व काला कपड़ा लेकर न आएं। किसी भी तरह का अस्त्र-शस्त्र भी न लाएं। पकड़े जाने पर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।
सात स्थानों खड़े होंगे वाहन
बोर्डिंग ग्राउंड मंच के पीछे प्रशासनिक व वीआईपी पार्किंग (केके क ालेज छात्रावास के सामने), कन्नौज शहर की ओर से आने वाली कार व बाइकें लल्लन मियां मस्जिद के सामने खड़ी होगीं। तिर्वा क्रासिंग की ओर से आने वाले वाहन मुन्नू लाला का हाता और अंबू लाला का हाता के सामने खड़े होंगे। गुरसहायगंज की ओर से आने वाले बड़े वाहन गैस एजेंसी के सामने चौधरी सराय रोड पर खड़े होंगे। तिर्वा, सौरिख, ठठिया, इंदरगढ़ और औरैया की ओर से आने वाले वाहन गैस एजेंसी के सामने चौधरी सराय रोड पर खड़े कराए जाएंगे। हरदोई व कानपुर की ओर से आने वाले छोटे वाहन व कारें साईं भोजनालय सरायमीरा के सामने खड़ी कराई जाएंगी।
ये है रूट डायवर्जन
पूर्वी बाईपास जसौली से बड़े वाहनाें को निकाला जाएगा। पश्चिमी बाईपास-जलालपुर पनवारा से जाएंगे बड़े वाहन गुजारे जाएंगे। पाल चौराहे से आने वाले बड़े वाहनो को बाईपास से भेजा जाएगा। गोल कुंआ से छोटे व बड़े सभी वाहनाें को निकाला जाएगा।