तिर्वा (कन्नौज)। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में सातवां स्थान और जिले के टॉपर योगेश राठौर इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। पढ़ाई के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। इसलिए यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि वह देश को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में अपना योगदान देंगे।
कस्बे स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के छात्र ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। क्षेत्र के किनौरा गांव निवासी किसान धर्मेंद्र राठौर के पुत्र योगेश कुमार ने कक्षा 12 की परीक्षा में 500 में 481 अंक प्राप्त कर यूपी मेरिट में सातवां स्थान हासिल किया है। योगेश की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव और विद्यालय में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों और शिक्षकों ने उसे बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साधारण किसान परिवार से आने वाले योगेश ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया। योगेश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया है।