डीएन इंटर कालेज के खेल मैदान में मंडल स्तरीय खेलकूद
प्रतियोगिताओं की पहली स्पर्धा सीनियर बालक वर्ग में 800 मीटर दौड़ की
हुई, जिसमें फर्रुखाबाद के योगेश यादव प्रथम, कन्नौज के आनंद कुमार द्वितीय
व इटावा के दिलीप कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इससे पूर्व खेलकूद
प्रतियोगिताओं का रंगारंग आगाज हुआ।
800 मीटर दौड़ सीनियर बालिका में
औरैया की कल्पना प्रथम, इटावा की निशा द्वितीय व कानपुर नगर की शिखा तीसरे
स्थान पर रही। जूनियर बालक 800 मीटर दौड़ में फर्रुखाबाद के अंशुल यादव
प्रथम, इटावा के रत्नेश यादव द्वितीय व इटावा के ही दीपांशु गुप्ता तृतीय
रहे।
जूनियर बालिका 800 मीटर दौड़ में इटावा की मोहिनी प्रथम, कन्नौज की
प्रिया द्वितीय व कन्नौज की ही निशा तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालक
600 मीटर की दौड़ में फर्रुखाबाद के विशाल वर्मा प्रथम, कन्नौज के शिवम
सिंह द्वितीय व कानपुर देहात के अंकित तिवारी तीसरे स्थान पर रहे।
सब
जूनियर बालिका की 600 मीटर दौड़ में फर्रुखाबाद की रूबी यादव प्रथम, कन्नौज
की राधा द्वितीय व औरैया की विमला देवी तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर
बालिका की 800 मीटर दौड़ के दौरान कानपुर देहात व फर्रुखाबाद की छात्रा
ट्रैक पर बेहोश होकर गिर पड़ी। खेल प्रशिक्षकों ने इन्हें ट्रैक से हटाकर
पवेलियन में ले गए, जहां पर होश में लाया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
होने से पूर्व मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मनू पाल व पूर्व ब्लाक
प्रमुख नवाब सिंह यादव का एनसीसी कैडेट ने सलामी देकर स्वागत किया। डीआईओएस
केपी सिंह यादव, प्रधानाचार्य रामऔतार यादव ने अतिथियों को बुकें भेंट
कीं। गोमती देवी गर्ल्स कालेज कन्नौज की छात्राओं ने फिल्मी गीत और ग्रुप
डांस पेश किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद कानपुर नगर, कानपुर देहात,
इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज के खिलाड़ियों ने अपने-अपने फ्लैग के साथ
मैदान में मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस दौरान सबसे आगे
डीएन इंटर कालेज के एनसीसी कैडेट, विद्या मंदिर के छात्रों का बैंड चल रहा
था।
मंच से ही मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने सलामी ली। बाद में शांति के
प्रतीक गुब्बारे उड़ाए। खेलों के शुरुआत से पूर्व जिला स्तरीय खेलकूद में
चैंपियन डीएन इंटर कालेज के छात्र आनंद कुमार ने मशाल लेकर पूरे मैदान का
चक्कर लगाया। इस दौरान सपा नेता नीरज द्विवेदी के अलावा कई कालेजों से आए
प्रधानाचार्य, शिक्षक व व्यायाम टीचर मौजूद थे।