तिर्वा (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित बस आगे जा रहे ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। बस सवार श्रमिकों में चीख पुकार मच गई। सभी श्रमिकों ने टोल प्लाजा के पास डेरा डाल दिया। करीब 15 घंटे बाद दूसरे वाहन से श्रमिकों को रवाना किया गया।
शनिवार की रात एक स्लीपर बस 70 श्रमिकों को लेकर बिहार से जालंधर जा रही थी। रात तकरीबन नौ बजे ठठिया थाने के 199 किलोमीटर संकेतक पर पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार श्रमिकों में चीख पुकार मच गई, हालांकि इस हादसे में किसी को ज्यादा चोट नहीं आई।
मौके पर पहुंची पुलिस व यूपीडा कर्मचारियों ने बस से सभी श्रमिकों को नीचे उतार कर उन्हें कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भट्टा टोल प्लाजा के पास बैठा दिया। बस चालक ने हादसे की जानकारी बस मालिक को दी। बस मालिक ने दिल्ली से दूसरी बस श्रमिकों को लाने के लिए भेजी। करीब 15 घंटे बाद जब दूसरी बस आई तब सभी श्रमिकों को उस बस में बैठाकर रवाना किया गया।