सौरिख (कन्नौज)। दिल्ली से सात दिन पहले पैदल लौटे श्रमिक ने रविवार शाम इलाज के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले तबीयत खराब होने पर कोरोना जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
सौरिख थाना क्षेत्र के दौलताबाद चौकी के ग्राम सराय प्रताप निवासी अनुरोध कुमार (32) पुत्र गिरजा शंकर दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रहा था। लॉकडाउन में फंसने से सारे रुपये खर्च हो गए तो घर के लिए पैदल चल पड़ा। 10 मई को घर पहुंचा तो तबीयत बिगड़ गई। गांव वालों के कहने पर परिजनों ने युवक की कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।
रविवार करीब आठ बजे उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था। वह चाचा कैलाश चंद के पास रहकर परिवार का भरण पोषण करता था।