कन्नौज। अगरबत्ती फैक्टरी में पाउडर बनाते समय आग लगने से विस्फोट हो गया। इससे चार कर्मचारी झुलस गए। उनको जिला अस्पताल लाया गया। तीन की हालत गंभीर देख कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया गया। दमकल के दो वाहनों की मदद से करीब पांच घंटे में आग बुझाई जा सकी। बताया जाता है कि फैक्टरी में बारूद पीसा जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला हाजीगंज निवासी अजीमुल उर्फ राजू खां की हरदोई रोड पर अगरबत्ती की फैक्टरी है। रविवार की सुबह करीब सात बजे चार कर्मचारी फैक्टरी में केमिकल की पिसाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज धमाके के साथ मशीन में आग लग गई। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक आग पूरे हाल में रखे केमिकल में फैल गई।
धमाके के साथ विस्फोट होने से वहां काम कर रहे हरदोई के गांव धनीगंज थाना मल्लावां निवासी ज्ञानेंद्र (18), ज्ञान सिंह (20), सुरेश चंद्र (25) व विनैका अकबरपुर थाना लोनी निवासी मुकेश (24) झुलस गए। कर्मचारी किसी तरह गोदाम से बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने जब फैक्टरी में आग लगी देखी तो मौके पर पहुंच गए। फैक्टरी से निकले घायल कर्मचारियों ने गेट खोला और फोन कर एंबुलेंस बुलाई।
चारों कर्मचारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सात बजे लगी आग की सूचना दमकल विभाग को आठ बजे दी गई। करीब पांच घंटे बाद आग बुझाई जा सकी। एसपी प्रशांत वर्मा का कहना है कि विस्फोट क्यों हुआ, कौन सा मैटेरियल पीसा जा रहा था, इसकी जांच कराई जा रही है। इसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।