जीटी रोड हाईवे पर निगम मंडी के पास बाइक सवार
बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो सगी बहनों से नगदी और मोबाइल लूट लिया।
युवतियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो बाइक सवार बदमाश जानमाल
की धमकी देते हुए भाग फरार हो गए। युवतियों ने घटना की तहरीर कोतवाली में
दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम निगोह खास निवासी संतपाल की
बेटियां सुधा और शिखा शुक्रवार को साइकिल से बाजार खरीदारी करने के लिए आ
रही थी। अभी दोनों बहनें जीटी रोड हाईवे पर निगम मंडी स्थित एक प्राइवेट
स्कूल के पास पहुंची ही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें
रोक लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों के ऊपर तमंचा तान दिया।
इसके बाद बदमाशों ने सुधा के हाथ से पर्स छीन लिया, जिसमें दो हजार रुपये
की नगदी समेत बैंक की पास बुक भी रखी हुई थी, जबकि शिखा के हाथों से
बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। युवतियां के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग
दौड़ पड़े। पर, तब तक बदमाश घटना का अंजाम देकर काफी दूर भाग चुके थे।
घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
लूट की सूचना के बाद भी कोतवाली
पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पीड़ित दोनों युवतियां अपने परिजनों
के साथ कोतवाली पहुंची। युवतियों की मां जावित्री देवी ने घटना की रिपोर्ट
लिखाने को कोतवाली में तहरीर दी है। घटना के संबंध में कोतवाल आरपी पांडेय
ने बताया कि वह कन्नौज मीटिंग में गए थे। कहा कि इस तरह की किसी भी घटना की
उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई
की जाएगी।