तालग्राम सीएचसी में कूड़े में जली और अधजली दवाओं की जांच करने सोमवार को सीएमओ व एसीएमओ पहुंचे। परिसर में फेंकी गई जली दवाओं के स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी देख सीएमओ ने नाराजगी जताई है। सात दिन का अल्टीमेटम दे सफाई दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक के नदारद पर सीएमओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तालग्राम सीएचसी में सुविधा शुल्क लेकर उपचार कराए जाने की शिकायत पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। प्रभारी को पूरे परिसर में निशुल्क चिकित्सा का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार की शाम पांच बजे मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके पचौरी, एसीएमओ डा. केसी राय ने प्रभारी डा. अजय यादव की मौजूदगी में परिसर में जली दवाओं की जांच शुरू की। परिसर में चारों ओर ऊबड़-खाबड़ गड्ढे व कंटीली झाड़ियां देख प्रभारी को एक सप्ताह के अंदर परिसर की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसव वार्ड में पहुंचकर स्टाफ नर्स रेनू कटियार से प्रसव के बारे में पूछतांछ कर सख्त दिखा-निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर भी देखा। जिसमें महिला चिकित्सक डा. सीमा सिंह कई दिनों से नदारद मिलीं। उन्होंने गैरहाजिर दर्ज करते हुए कार्रवाई की बात कही है। वहीं, अवनीश अवकाश पर मिले। एमओआईसी डा. अजय कुमार से सीएचसी में इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए फार्मासिस्ट व डाक्टर की ड्यटी लगाकर मोबाइल नंबर समेत अंकित करने की हिदायत दी है। उन्होंने 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेटों को बंद कराने की बात कही। जिससे अराजकतत्व परिसर में प्रवेश न कर सकें।
कस्बा के पूर्व उप चेयरमैन मधुबन मिश्रा ने सीएमओ से 100 रुपये बोतल, 20 रुपये इंजेक्शन, 50 रुपये कुत्ता काटे का इंजेक्शन लगवाने की शिकायत की। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को बुलाकर दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही। जांच के दौरान डा. इरशाद, डा. रसीद, फार्मासिस्ट विजय बहादुर वर्मा, वेद प्रकाश, स्टाफ नर्स सरिता, रेनू कटियार, महेंद्र सिंह, एलटी आनंद, वार्ड ब्वाय रामसागर महेश आदि मौजूद रहे।
वर्जन
डीएम की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। डीएम के निर्देश पर जांच की जा रही है। अपनी जांच व डीएम की जांच को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी। दवा जलाने का प्रकरण संदिग्ध लग रहा है। - डा. एके पचौरी (मुख्य चिकित्साधिकारी, कन्नौज)