ठठिया (कन्नौज)। बिल्हौर मार्ग पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक सवार मौके से भाग गए। पुलिस ने परिजन को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
कानपुरनगर के अरौल निवासी मेहराज (28) अपनी चाची नूरमहज (50) के साथ बाइक से तालग्राम में रिश्तेदरी में शादी में शामिल होने गए थे। बिल्हौर मार्ग से होकर सोमवार दोपहर मेहराज चाची के साथ घर जा रहे थे। ठठिया कस्बा स्थित एक कोचिंग सेंटर के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
हादसे में नूरमहज और मेहराज सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार मौके से भाग गए। पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां पर इलाज के दौरान नूरमहज ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। थानाध्यक्ष देवेश पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।