गुरसहायगंज। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में मंगलवार को बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फर्रुखाबाद जिले के थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव बहोरा निवासी योगेश कुमार अपनी पत्नी यशोदा देवी (32) और दो बच्चों के साथ मंगलवार शाम सात बजे बाइक से गांव विशंभरपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही बाइक अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर गांव सदारी नगला के सामने पहुंची, तभी अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में योगेश कुमार बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसे में यशोदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायल दंपती को सीएचसी पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने यशोदा देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। घटना से मायके में भी शोक का माहौल है।