पंचायत चुनाव में अवैध शराब का वितरण व निर्माण न हो
सके, इसको लेकर आबकारी विभाग की टीम ने छापामार अभियान चलाया। इस दौरान
भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं सैकड़ों किलो मिले लहन को
मौके पर ही नष्ट किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी डीसी कटियार के नेतृत्व
में आबकारी निरीक्षक महेंद्र कौशल, कांस्टेबल बीके दीक्षित, आरपी दीक्षित,
गुलाब चंद्र, कप्तान सिंह यादव, पंकज पांडेय, शिवसागर, निमेष त्रिपाठी,
अशोक शर्मा ने मंगलवार को इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गिहार बस्ती में छापा
मारा। इस दौरान एक मकान के अंदर महिला शराब बनाते पकड़ी गई।
टीम को मौके से
42 लीटर कच्ची बनी हुई शराब मिली। साथ ही 970 किलो लहन बरामद किया गया।
लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। टीम के सिपाहियों ने लहन से भरे
डब्बों को तोड़कर नष्ट कर दिया। गिरफ्तार की गई महिला के खिलाफ आबकारी
अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
बाद में उसे निजी मुचलके पर रिहा कर
दिया गया। आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए
लगातार अभियान जारी रहेगा। किसी भी गांव या कस्बे में अवैध शराब का निर्माण
पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की
जाएगी।