कन्नौज। मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर डीके सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतू सिंह के निर्देश पर मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। ट्रेन में छापामारी के दौरान टिकट चेकिंग के 12 व आरपीएफ, जीआरपी के 23 जवान शामिल रहे। स्लीपर कोच व बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए लोगों को बसों से लाकर कन्नौज रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में बनाई गई अस्थायी जेल में बंद कर दिया गया। मजिस्ट्रेट ने यात्रियों से 83390 रुपये जुर्माना वसूलकर उन्हें छोड़ा। दो यात्रियों को जुर्माना न देने पर जेल भेज दिया गया।
चेकिंग अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक कैलाश कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक फतेहगढ़ संजय श्रीवास्तव सहित आरपीएफ, जीआरपी के जवान शामिल रहे। सुबह अरौल के समीप कानपुर-फर्रुखाबाद रूट पर चलने वाली अप-डाउन ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। ये यात्री स्लीपर कोच में व बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। छोड़े गए यात्रियों को आगाह किया गया कि वह दोबारा महिला बोगी, स्लीपर कोच व बिना टिकट यात्रा न करें।
महिला टीसी न होने से बच जातीं महिलाएं
कन्नौज। पिछले करीब तीन माह से लगातार ट्रेनों में छापामारी अभियान चल रहा है। हर माह दो से तीन बार पड़ने वाले मजिस्ट्रेट बैच में सैकड़ों पुरुष यात्री पकड़े जा रहे हैं। छापामारी के लिए आने वाली टीम में कोई भी महिला टीसी न होने से हर बार स्लीपर व बगैर टिकट यात्रा करने वाली महिलाएं बच जाती हैं।